संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. हरिओम ने बताया कि पूर्व में 54 विभूतियों की सूची जारी की गई थी, लेकिन पूर्व घोषित विभूतियों के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने एवं योगदान देने वाले 11 अन्य विभूतियों को भी यश भारती पुरस्कार से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।
हरिओम ने बताया कि वाराणसी के शास्त्रीय संगीतज्ञ राम कुमार मिश्रा, शास्त्रीय संगीतज्ञ नाजिम खान, पत्रकारिता एवं शिक्षण क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित करने वाले प्रो. राम मोहन पाठक, लखनऊ की गायिका पद्मा गिडवानी, गायक कमाल खान, पाक शास्त्र विशेष गुलाम कुरैशी तथा ज्योतिष विशेषज्ञ एवं राज पुरोहित पं. हरी प्रसाद मिश्रा को यश भारती से सम्मानित किया जाएगा।
इसी प्रकार आगरा के होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. आलोक पारिख, मेरठ के चित्रकार नूर अल सबा, बांदा के शिल्पकार शाहिद हुसैन तथा भदोही के निर्यातक एवं उद्योगपति गुलाम शफीउद्दीन अंसारी उर्फ गुलामन को यश भारती पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
संस्कृति सचिव ने बताया कि यश भारती से सम्मानित होने वाली सभी विभूतियों को राज्य अतिथि का दर्जा प्रदान किया जाता है। इस पुरस्कार के तहत विभूतियों को 11 लाख रुपये नगद, अंगवस्त्र व प्रशस्तिपत्र प्रदान किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath