कोलकाता, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। आर्सेनल फुटबाल क्लब और फ्रांस के दिग्गज खिलाड़ी थिएरी हेनरी ने मंगलवार को कहा कि उनके मुताबिक लियोनेल मेसी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो, एंटोइने ग्रीजमान और गैरेथ बेल ‘बालोन डी ओर’ खिताब के प्रबल दावेदार हैं।
कोलकाता में एक खेल संबंधी उत्पाद निर्माता के प्रचार समारोह में शामिल हेनरी ने संवाददाताओं को बताया, “बेल, लियो, रोनाल्डो और ग्रीजमान में से कोई एक बालोन डी ओर खिताब जीत सकता है।”
पत्रिका ‘फ्रांस फुटबाल’ ने विश्व के सर्वश्रेष्ठ फुटबाल खिलाड़ी को हर साल दिए जाने वाले ‘बालोन डी ओर’ पुरस्कार के लिए नामांकित 30 खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है।
इस सूची में बार्सिलोना और अर्जेटीना के स्टार खिलाड़ी मेसी (29), पुर्तगाल और रियल मेड्रिड के रोनाल्डो (31) के नाम शामिल हैं।
मेसी और रोनाल्डो के बारे में हेनरी ने कहा, “दोनों खिलाड़ी अद्भुत हैं। मैंने उनके जैसे खिलाड़ी पहले कभी नहीं देखे। वे एक सत्र में 50, 60 से लेकर 90 गोल तक करते हैं।”
हेनरी ने हालांकि, बालोन डी ओर के लिए अपनी पसंद का खुलासा करते हुए कहा कि वह मेसी को रिकॉर्ड छठी बार यह खिताब जीतते हुए देखना पसंद करेंगे।
dharmpath.com dharmpath