चंडीगढ़, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। दोपहिया वाहन निर्माता होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया प्रा. लि. (एचएमएसआई) ने अपने ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाने के लिए 900 नए होंडा एक्सक्लूसिव डीलरशिप का उद्घाटन किया है। इसके साथ ही देशभर में होंडा के टच प्वाइंट्स की संख्या बढ़कर 4,800 हो चुकी है।
कंपनी ने एक बयान जारी कर बताया कि अब छोटे और मध्यम शहरों के उपभोक्ताओं के लिए होंडा के दोपहिया वाहनों की खरीदारी आसान हो जाएगी। पिछले पांच सालों से होंडा आक्रामक तरीके से दूरदराज के इलाकों में अपने नेटवर्क का विस्तार कर रही है और इस वित्त वर्ष के अंत तक 500 नए डीलर जोड़ने की दिशा में काम कर रही है।
एचएमएसआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिक्री और विपणन) यादवेंद्र सिंह गुलेरिया ने बताया, “हमने पिछले पांच सालों में तेजी से विस्तार किया है चाहे वह ब्रिकी हो, उत्पाद पोर्टफोलियो हो, उत्पादन क्षमता हो या नेटवर्क। छोटे शहरों में पैठ हमारी भारत के लेकर बनाई गई रणनीति का प्रमुख हिस्सा है। मेट्रो और शहरी क्षेत्रों में हमारा नेटवर्क मजबूत है और अब हमारा जोर छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों पर है।”
dharmpath.com dharmpath