कांग्रेस के हर घोटाले में सपा-बसपा बराबर की दोषी : अमित शाह

इटावा, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच चल रही उठापटक के बीच गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के हर घोटाले में सपा व बसपा बराबर की दोषी है।

इटावा के नुमाइश मैदान में भाजपा संकल्प रैली में अमित शाह ने कहा कि भाजपा को एक बार उप्र में मौका देकर देखिए। युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

शाह ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था दुरुस्त होगी तो फिर यहां पर इंडस्ट्री लगेगी। बिजली की सारी समस्या ठीक होगी तो फिर बंद पड़ी फैक्ट्री चल पड़ेगी।

उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में पिछली तीन बार से सपा तथा बसपा ने राज किया है। इनकी मदद से दिल्ली में दस साल तक मनमोहन सिंह की सरकार ने काम किया। काम तो कुछ भी नहीं हुआ, हर जगह पर व्यापक भ्रष्टाचार सामने आया।”

शाह ने कहा कि अंतरिक्ष से लेकर पाताल तक 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले सामने आए थे। नरेंद्र मोदी की सरकार के कार्यकाल में एक भी घोटाला सामने नहीं आया है। कांग्रेस की सरकार में घोटाले ही घोटाले नजर आते थे।

उन्होंने कहा कि उप्र में मायावती सरकार में 163 फीसदी दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी थीं तो फिर सपा इससे भी आगे बढ़ गई। सपा सरकार ने ‘लॉ एंड ऑर्डर’ को ‘लो एंड ऑर्डर’ कर दिया। अराजकता चरम पर है। हर तरफ गरीब, किसान व मजदूर के साथ आम आदमी परेशान है।

अमित शाह ने कहा कि उप्र को विकास की राजनीति करने वाली भाजपा सरकार चाहिए। भाजपा ही उप्र के विकास को नई गति दे सकती है। कांग्रेस तो उप्र चुनाव में ‘वोट कटुआ’ पार्टी बनकर सपा व बसपा को जिताना चाहती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493