पटना, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार छठ पूजा के बाद नौ नवंबर से ‘निश्चय यात्रा’ पर निकलेंगे। इस दौरान वे जिला स्तर पर पूर्ण शराबबंदी के प्रभाव और सरकार के सात निश्चयों के तहत हो रहे विकास कार्यो की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
पटना में शुक्रवार को सात निश्चयों में शामिल ‘घर तक पक्की गली-नलियां’ का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि इससे पहले वह प्रमंडल स्तर पर शराबबंदी और सात निश्चयों के तहत हो रहे विकास कार्यो की समीक्षा कर चुके हैं।
उन्होंने कहा, “विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को एक-एक कर कार्यान्वित किया जा रहा है। इसकी समीक्षा के लिए नौ नवंबर से मैं ‘निश्चय यात्रा’ पर निकलूंगा। इस दौरान लोगों से मिलकर इन विकास कार्यो के विषय में जानकारी लूंगा।”
नीतीश ने आगे कहा, “मुझे दिल्ली और पटना में मन नहीं लगता, ग्रामीण क्षेत्रों से ज्यादा लगाव है।”
उन्होंने कहा कि अब तक जितनी भी योजनाएं बनाई गई हैं, वे ग्रामीणों के बातचीत और उनके अनुभव के आधार पर ही बनाई गई हैं।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन ने लोगों से सात निश्चयों के तहत कई वादे किए हैं। इसके तहत ‘हर घर नल का जल’ और ‘शौचालय निर्माण-घर का सम्मान’ सहित कई विकास योजनाएं शामिल हैं।
नीतीश इससे पहले विकास यात्रा, न्याय यात्रा, प्रवास यात्रा, धन्यवाद यात्रा सहित कई यात्राएं कर चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath