बांदा, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में अपराधियों ने शुक्रवार शाम मौदहा कस्बे में मोटरसाइकिल सवार बदमाश एक सर्राफा व्यवसायी से पांच लाख रुपये की जेवरात लूट कर फरार हो गए।
मराठीपुरा मुहल्ले के निवासी श्याममिलन सोनी धनतेरस की दुकानदारी निपटा कर जैसे ही दुकान बंद कर जाने लगे, दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने तमंचा दिखा कर उनसे करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए।
हड़बड़ी में बदमाशों ने अपनी मोटरसाइकिल घटनास्थल पर छोड़ दी और सर्राफा व्यवसायी की मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। घटना के समय व्यवसायी का बेटा शिवम और पंद्रह अन्य लोग वहां पर मौजूद थे, लेकिन किसी ने बदमाशों को रोकने की हिम्मत नहीं की।
थानाध्यक्ष मौदहा घनश्याम पांडेय ने शनिवार को बताया, “सर्राफा व्यवसायी की तहरीर पर शुक्रवार देर रात करीब पांच लाख रुपये के जेवरात लूटने का मामला दर्ज कर लिया गया है और घटनास्थल से बरामद बाइक के नंबर के आधार पर बदमाशों की खोज की जा रही है।”
dharmpath.com dharmpath