जोहोर बाहरू (मलेशिया), 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। टीम एमआरएफ के भारतीय चालक गौरव गिल ने शनिवार को मलेशिया रैली के पहले चरण में सात मिनट की बढ़त हासिल कर ली है।
इसके साथ ही गौरव एफआईए के प्रतिष्ठित एशिया पैसिफिक रैली चैम्पियनशिप (एपीआरसी) खिताब जीतने से थोड़ा ही दूर रह गए हैं।
मलेशिया रैली के पहले चरण में एमआरएफ के ही एक अन्य चालक जर्मनी के फाबियान क्रेम को गियर बॉक्स में समस्य के चलते रेस से हटना पड़ा।
एमआरएफ स्कोडा फाबिया आर5 में सह-चालक ग्लेन मैकनील के साथ रेस कर रहे गौरव ने कई जोखिम भरे रास्तों पर बेहद कुशलता का परिचय दिया और एपीआरसी के मौजूदा सत्र में लगातार पांचवीं रैली जीतने की संभावना प्रबल कर ली।
मलेशिया रैली जीतते ही गौरव का एपीआरसी चैम्पियनशिप खिताब तय हो जाएगा। इससे पहले वह 2013 में यह खिताब जीत चुके हैं।
पहले चरण की रेस के बाद गौरव ने कहा, “मैं भाग्यशाली हूं कि मैं रेस का समापन करने में सफल रहा। यह बहुत ही कठिन दिन रहा। शुरुआत में रेडिएटर में घास चली गई, जिससे टर्बो के गर्म होने लगा। इसलिए मुझे पूरे रेस के दौरान कार का खयाल रखना पड़ा। दूसरे हाफ में जरूर रेस अच्छी रही, क्योंकि मौसम में थोड़ी ठंडक आ गई थी।”
dharmpath.com dharmpath