मोटरस्पोर्ट्स : मलेशिया रैली जीते गौरव गिल, एपीआरसी खिताब पक्का

जोहोर बाहरू (मलेशिया), 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। टीम एमआरएफ के भारतीय रेसर गौरव गिल ने मलेशिया रैली जीतने के साथ ही एफआईए की प्रतिष्ठित एशिया पैसिफिक रैली चैम्पियनशिप (एपीआरसी) खिताब पक्का कर लिया।

गिल ने दूसरी बार एपीआरसी खिताब जीता है। इससे पहले वह 2013 में भी यह खिताब जीत चुके हैं।

मौजूदा सत्र में एपीआरसी के तीन रेस जीत चुके गिल ने रविवार को मलेशिया रैली अपने नाम कर ली। गिल 42 अंकों की बढ़त के साथ इस रैली में उतरे थे, जबकि दूसरे स्थान पर एमआरएफ के ही उनके साथी खिलाड़ी जर्मनी के फाबियान क्रेम हैं।

हालांकि क्रेम शनिवार को मलेशिया रैली के पहले दिन की रेस में गियर बॉक्स में आई खराबी के कारण रेस से हट गए।

एमआरएफ स्कोडा फाबिया आर5 में सवारी करते हुए गिल ने बिना किसी हड़बड़ी के आसानी से यह खिताब जीतने में सफल रहे। दूसरे स्थान पर भारत के ही एक अन्य रेसर कुस्को रेसिंग टीम के संजय टकाले रहे।

इस जीत के साथ गिल के कुल 184 अंक हो गए, जबकि क्रेम 126 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अब रैली चैम्पियनशिप में इस सत्र में सिर्फ एक रेस और होनी है तथा इतने बड़े अंतर के बाद गिल का खिताब जीतना पक्का है।

गिल की बदौलत एमआरएफ टीम ने भी एपीआरसी टीम चैम्पियनशिप खिताब पक्का कर लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493