तुर्की में विपक्षी अखबार के संपादक गिरफ्तार

अंकारा, 1 नवंबर (आईएएनएस)। तुर्की में पुलिस ने जुलाई में तख्तापलट की विफल कोशिश के मामले में विपक्षी दैनिक कुम्हुरियत के एडिटर-इन-चीफ मुरात सबुनकु को 11 लोगों के साथ गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

सरकारी अनादोलु समाचार एजेंसी के मुताबिक, अखबार से जुड़े लेखकों ऑदिन इंजिन, गुरे ओज, हिकमत सेतिंकाया, हकान कारा, मुस्तफा कमाल गुंगोर और इनके साथ ही वकील बुलेंत उत्कु को सोमवार को गिरफ्तार किया गया।

ओज को अंकारा में और अन्य सभी को इस्तांबुल में गिरफ्तार किया गया।

न्यायिक सूत्र के मुताबिक, इस्तांबुल के मुख्य लोक अभियोजक कार्यालय ने 13 कुम्हुरियत पत्रकारों और अधिकारियों के लिए गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इनमें अखबार के कार्यकारी बोर्ड के अध्यक्ष अकिन अताले भी शामिल हैं।

सूत्र ने मीडिया से नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा कि संदिग्धों पर ‘फेतुल्ला आतंकवादी संगठन (एफईटीओ) और कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी (पीकेके) के सदस्य होने का और इन पर इन संगठनों की तरफ से अपराध करने का आरोप लगा है।’

अताले और ओज के निवास स्थानों की तलाशी भी ली गई।

गिरफ्तारी वारंट अखबार के पूर्व एडिटर-इन-चीफ केन डुनडर के नाम भी जारी किया गया है, जो मौजूदा समय में विदेश में हैं।

तख्तापलट की 15 जुलाई की नाकाम कोशिश में 241 लोगों की मौत हो गई थी और 2,200 लोग घायल हो गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493