उद्योगों का विश्वास बढ़ा, मांग में भी आई तेजी : फिक्की सर्वेक्षण

नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। कारोबारी विश्वास सूचकांक (ओबीसीआई) इस वक्त पिछली 6 तिमाहियों की तुलना में सर्वोच्च स्तर पर है और अर्थव्यवस्था में मांग भी धीरे-धीरे जोर पकड़ रही है।

फिक्की द्वारा किए गए एक सर्वेक्षण से यह नतीजे सामने आए हैं। वर्तमान सर्वेक्षण में यह स्तर 67.3 पर है, जबकि पिछले सर्वेक्षण में यह 62.8 पर था।

फिक्की ने एक बयान जारी कर कहा, “करीब 63 फीसदी प्रतिभागियों ने वर्तमान आर्थिक स्थिति को पिछले छह महीनों की तुलना में बेहतर बताया। इसी तरह उद्योग और कंपनियों का आंकड़ा क्रमश: 63 और 60 फीसदी रहा।”

सर्वेक्षण के नतीजों में यह भी सामने आया कि अर्थव्यवस्था में मांग धीरे-धीरे जोर पकड़ रही है। सातवें वेतन आयोग और अच्छे मॉनसून का भी इसे सहारा मिलेगा।

लेकिन फिर भी, वर्तमान सर्वेक्षण में करीब 46 फीसदी प्रतिभागियों ने कहा कि कमजोर मांग के कारण उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है। पिछले सर्वेक्षण के दौरान ऐसा कहने वाले 59 फीसदी थे।

सर्वेक्षण के मुताबिक प्रतिभागियों ने अक्टूबर 2016 से मार्च 2017 के दौरान घरेलू मांग में इजाफा होने का संकेत दिया है।

इसमें कहा गया है कि ब्याज दरें उद्योगों के लिए चिंता का विषय है, जो उद्योगों के हिसाब से ऊंचे स्तर पर हैं।

बयान में कहा गया, “भारतीय रिजर्व बैंक ने पिछले साल जनवरी से रेपो रेट में 175 आधार अंकों की कटौती की है। औसतन कंपनियां कर्ज पर 12 फीसदी ब्याज चुका रही हैं।”

इसमें कहा गया है, “करीब 75 फीसदी प्रतिभागियों ने कहा कि वे अगले चरण में अर्थव्यवस्था में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं। उद्योगों के स्तर पर 63 फीसदी और कंपनियों के स्तर पर 70 फीसदी प्रतिभागियों का मानना है कि उनका प्रदर्शन आगे बेहतर रहेगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493