नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। खेल मंत्रालय ने बुधवार को राष्ट्रीय खेल संघों (एनएसएफ) से ऐसे खिलाड़ियों को चिह्नित करने के लिए कहा है, जिनके टोक्यो ओलम्पिक-2020 में पदक जीतने की संभावनाएं सर्वाधिक हों।
खेल मंत्रालय ने इसी महीने के आखिर तक ऐसे खिलाड़ियों की सूची देने के लिए कहा है।
मंत्रालय ने इसके अलावा राष्ट्रीय खेल संघों को ऐसे खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करने के लिए कहा है और इसमें किसी तरह की आर्थिक मदद के लिए राष्ट्रीय खेल संघ टार्गेट ओलम्पिक पोडियम (टीओपी) कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय खेल विकास कोष (एनएसडीएफ) से संपर्क कर सकते हैं।
संभावित पदक विजेताओं की इस सूची में प्रत्येक छह महीने पर होने वाली समीक्षा के जरिए परिवर्तन किया जा सकता है।
मंत्रालय की ओर से जारी वक्तव्य में कहा गया है, “मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल संघों को सूची तैयार करने और समीक्षा में पूरी पारदर्शिता बरतने और इस संबंध में पूरा ब्यौरा अपनी-अपनी वेबसाइट पर प्रदर्शित करने के लिए कहा है।”
वक्तव्य में आगे कहा गया है, “तीरंदाजी, जिम्नास्टिक्स, जूडो और टेनिस जैसे खेलों के मामले में जिनके संघ या तो निलंबित चल रहे हैं या मान्यता प्राप्त नहीं हैं, भारतीय खेल प्राधिकरण यह पूरी प्रक्रिया पूरी करेगा।”
dharmpath.com dharmpath