नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) की मांग को लेकर खुदकुशी करने वाले पूर्व सैनिक के परिवार के साथ जिस तरह दुर्व्यवहार किया गया, उससे सेना का मनोबल गिर गया है।
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता ने पूरे मामले के लिए दिल्ली पुलिस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रभारी को जिम्मेदार ठहराया।
सेवानिवृत्त सूबेदार राम किशन ग्रेवाल (70) ने ओआरओपी योजना लागू करने की मांग को लेकर मंगलवार को यहां खुदकुशी कर ली थी।
केजरीवाल ने पुलिस पर ग्रेवाल के परिवार के सदस्यों को पीटने का आरोप लगाते हुए भाजपा के प्रवक्ताओं पर ‘दिवंगत सूबेदार के लिए अपमानजनक बातें’ कहने का आरोप भी लगाया और कहा कि इससे सेना का मनोबल गिर गया है।
केजरीवाल ने मोदी सरकार पर दिवंगत सूबेदार की ओआरओपी मांग को लेकर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने ट्वीट में कहा, “आप इस सरकार पर कैसे भरोसा कर सकते हैं? प्रधानमंत्री झूठ बोलते हैं। उनके विभाग झूठ बोलते हैं।”
उन्होंने एक टेलीविजन समाचार चैनल का भी हवाला दिया, जिसमें हरियाणा के भिवानी स्थित एसबीआई के एक अधिकारी ने इस आरोप को खारिज किया कि ग्रेवाल के पेंशन खाते में जमा राशि में बैंक की ओर से कुछ गड़बड़ी हुई।
dharmpath.com dharmpath