एएफसी कप : इतिहास रचने उतरेगा बेंगलुरू एफसी

दोहा, 4 नवंबर (आईएएनएस)। एशियाई फुटबाल परिसंघ (एएफसी) कप के फाइनल में शनिवार को जब भारतीय फुटबाल क्लब बेंगलुरू एफसी का सामना इराक के क्लब एयर फोर्स से होगा तो उसकी कोशिश इस मैच में जीत हासिल कर इतिहास रचने की होगी।

बेंगलुरू एएफसी कप के फाइनल में पहुंचने वाला पहला भारतीय क्लब है। अगर वह फाइनल में जीत हासिल कर लेता है तो यह खिताब जीतने वाला पहला भारतीय क्लब भी बन जाएगा।

दोनों टीमों ने पहली बार इस कप के फाइनल में जगह बनाई है, और सुल्तान बिन हामाद स्टेडियम में होने वाले इस मैच में दोनों की नजरें अपने पहले खिताब पर होंगी।

बेंगलुरू ने एएफसी कप विजेता जोहोर दारुल ताजिम को सेमीफाइनल के अंतिम दौर में औसत के आधार पर 4-2 से मात दी थी।

सही समय पर रफ्तार पकड़ने वाली बेंगलुरू के लिए विपक्षी टीम के मिडफील्डर बशर रासन और सेंटर बैक सामल साइद का चोटिल होना राहत की बात है।

वहीं भारतीय क्लब को गोलकीपर अमरिंदर सिंह की कमी खलेगी। वह निलंबन झेल रहे हैं। डिफेंडर शंकर सामपिनगिराज, मिडफील्डर डैरेन क्लाडिएरा और फुल बैक लाछुआनमावई फनाई भी अभी पूरी तरह चोट से नहीं उबरे हैं।

हालांकि टीम फिर भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। बेंगलुरू के कोच अलबर्ट रोका ने कहा है कि टीम पर किसी तरह का दबाव नहीं है।

रोका ने शुक्रवार को कहा, “यह महत्वपूर्ण मैच है और खिलाड़ी इस बात को अच्छे से जानते हैं, लेकिन आखिर में यह अन्य मैचों की तरह है। पेशेवर होने के नाते खिलाड़ी जानते हैं कि उनके सामने एयर फोर्स क्लब जैसी मजबूत टीम है। सबसे जरूरी मैच के लिए तैयार रहना है।”

बेंगलुरू की टीम कभी भी पश्चिम एशियाई टीम के खिलाफ नहीं खेली है। शनिवार को जीत उनका नाम इतिहास में दर्ज करा देगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493