मोदी को अपशब्द कहने के लिए राहुल व केजरीवाल में होड़ : भाजपा

नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल पर ‘शवों पर राजनीति’ करने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहने और उनकी छवि को धूमिल करने का ‘मुकाबला’ चल रहा है।

भाजपा सचिव श्रीकांत शर्मा ने यहां संवाददाताओं से कहा, “दोनों नेताओं (राहुल व केजरीवाल) के बीच इस बात का मुकाबला चल रहा है कि कौन अच्छा अभिनय कर सकता है और कौन प्रधानमंत्री को अधिक अपशब्द कह सकता है।”

भाजपा नेता ने कहा कि देश में जब कभी भी चुनाव होने होते हैं, विपक्षी दल भाजपानीत केंद्र सरकार की छवि को धूमिल करने के लिए साजिशों में लग जाते हैं।

शर्मा ने कहा, “जब चुनाव होने होते हैं, इस तरह के आरोपों की श्रंखला लग जाती है। कुछ घटनाएं साजिश के तहत की जाती हैं और फिर वे लोग इससे राजनीतिक लाभ उठाने लगते हैं।”

शर्मा ने कहा कि विपक्ष को ‘शवों पर राजनीति’ नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा, “शवों पर राजनीति न करें। सशस्त्र बलों का मनोबल न गिराएं। देश आपको कभी माफ नहीं करेगा। हम आतंकवाद का सामना कर रहे हैं। हमारे दुश्मन देश को बर्बाद करने के मौके की ताक में हैं। आईएसआईएस रोज धमकी दे रहा है।”

उन्होंने कहा कि भाजपा आम आदमी से सरोकार रखने वाले विकास के मुद्दों पर बहस के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि ‘सत्ता की हवस’ और वोटबैंक के लिए कांग्रेस किसी भी हद तक जा सकती है। वे आतंकियों का समर्थन करते हैं और हमारे सैनिकों के बलिदान पर प्रश्नचिन्ह लगाते हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को वन रैंक वन पेंशन के बारे में बोलने का कोई अधिकार नहीं है। इन्होंने 43 साल तक इस मांग को पूरा नहीं किया। उन्होंने सैनिकों को इसे देने का वादा किया लेकिन कभी गंभीरता से इस बारे में नहीं सोचा। यह भाजपा है जिसने वन रैंक वन पेंशन को लागू किया है। कुछ तकनीकी मुद्दे जरूर हैं जिन्हें दो महीने में निपटा लिया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493