गुरुग्राम, 5 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ ही दिन पहले हरियाणा के लोगों से कन्या शिशु की रक्षा का वचन लेने की अपील की थी, लेकिन शनिवार को हरियाणा में ऐसी ही एक दर्दनाक घटना फिर घट गई।
राष्ट्रीय राजधानी से सटे गुरुग्राम जिले में पांच महीने की एक बच्ची का शव मिला है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मिलेनियम सिटी के नजदीक संचोली गांव में एक मैदान में बच्ची का शव पड़ा मिला।
एक पुलिस अधिकारी नसीर ने आईएएनएस को बताया, “बच्ची का शव कटी हुई फसल के ढेर के नीचे दबा पाया गया और ऐसा प्रतीत होता है कि शव को तीन दिन पहले वहां रखा गया।”
शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने बच्ची का शव मिलने के बाद सूचना देने वाले संचोली निवासी श्याम सुंदर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
इससे पहले गुरुवार को भी गुरुग्राम के ही पॉश इलाके आर्डी सिटी में एक नवजात बच्ची का शव मिला था।
dharmpath.com dharmpath