एनडीटीवी इंडिया का प्रसारण रोकना तानाशाही : मप्र कांग्रेस

भोपाल, 5 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई ने राष्ट्रीय समाचार चैनल एनडीटीवी इंडिया को 24 घंटे के लिए प्रसारण रोक देने के केंद्र सरकार के फरमान को तानाशाही करार दिया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि देश में अघोषित आपातकाल लागू है, यह चर्चा थी। लेकिन अब यह प्रत्यक्ष रूप से सामने आ गया है। इस बात का पूर्वाभास भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को जून, 2015 में ही हो गया था।

उन्होंने कहा कि आपातकाल की 40वीं सालगिरह पर एक अंग्रेजी अखबार को दिए साक्षात्कार में आडवाणी ने कहा था कि ‘देश में दोबारा आपातकाल जैसे हालात उत्पन्न हो रहे हैं।’ यह आज साकार होता हुआ दिखाई दे रहा है।

यादव ने भाजपा से प्रतिप्रश्न करते हुए कहा, “आपातकाल के दौरान इसके खिलाफ लड़ाई लड़ने वाली भाजपा आज अपने वादे-इरादे और प्रतिबद्धताओं को भूल उसी रास्ते पर क्यों जा रही है?”

उन्होंने आगे कहा कि ‘लोकतंत्र के चौथे स्तंभ’ को अवैधानिक तौर पर दंडित किए जाने में भाजपा का गुप्त एजेंडा छुपा हुआ है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493