इंदौर, 6 नवंबर (आईएएनएस)। रणजी ट्रॉफी के मौजूदा संस्करण में अब तक एक भी जीत हासिल नहीं कर सकी सर्विसेज की टीम ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे पांचवें दौर के मैच के दूसरे दिन आठ विकेट पर 400 रन बना लिए हैं।
दिन का खेल खत्म होने तक राहुल सिंह 95 रन और दिवेश पठानिया पांच रन बनाकर नाबाद लौटे।
तीन विकेट पर 170 के पिछले दिन के स्कोर से आगे खेलने उतरी सर्विसेज की टीम ने विकास यादव (16) के रूप में दिन का पहला विकेट दिन के छठे ओवर में खो दिया।
शनिवार को 60 रन बनाकर नाबाद लौटे शमशेर यादव (136) ने इसके बाद रौशन राज (27) के साथ 60 रनों की और उसके बाद राहुल के साथ 107 रनों की साझेदारियां निभाईं। इस बीच उन्होंने अपना शतक पूरा किया। शमशेर ने 431 गेंदों की विशाल पारी में 15 चौके और एक छक्का लगाया।
मैच के पहले दिन सलामी बल्लेबाज अंशुल गुप्ता (72) ने शुरुआती दो विकेट जल्दी-जल्दी गिरने के बाद शमशेर के साथ पारी को संभाल लिया था। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 140 रनों की साझेदारी हुई थी।
आंध्र प्रदेश के लिए चीपुरपल्ली स्टीफेन, भार्गव भट्ट और रवि तेजा ने दो-दो विकेट चटकाए। सर्विसेज के दो बल्लेबाज रन आउट हुए।
सर्विसेज अब तक खेले चार मैचों में तीन ड्रॉ के साथ सिर्फ तीन अंक हासिल कर पाया है।
dharmpath.com dharmpath