बहुमत मिला तो 5 वर्ष में बदल जाएगी उप्र की तस्वीर : राजनाथ

लखनऊ /शामली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से रवाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन यात्रा में शिरकत करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यदि उप्र में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला तो पांच वर्ष के भीतर पूरे प्रदेश की तस्वीर बदल जाएगी।

राजनाथ ने शामली जिले के कैराना में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरी है। अभी तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उनके किसी भी मंत्री का नाम भ्रष्टाचार में नहीं आया है। उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि अब तक जांच कितनी कराई गई है।

उन्होंने कहा, “इससे पहले की सरकारों में लाखों करोड़ों के घोटाले हुए हैं। पीएम मोदी ने भारत माता का मस्तक ऊंचा किया है।”

राजनाथ ने कहा, “केंद्र में तो आपने भाजपा की सरकार बना दी, लेकिन जब तक उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं बनती, चाहकर भी समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता। यदि आपने बहुमत दिया तो पांच वर्ष में प्रदेश बदला हुआ नजर आएगा और दस वर्ष में पूरी तरह विकसित राज्य बन जाएगा।”

सत्तारूढ़ सपा में मची कलह पर उन्होंने कहा कि किसी को किसी के घर-परिवार की कलह पर नहीं झांकना चाहिए, लेकिन इस कलह का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। लोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। भाजपा सरकार बनी तो जांच कराकर लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस कराए जाएंगे।

राजनाथ ने कहा, “क्या समाजवादी सरकार ने जो वादे किए थे वो पूरे किए? प्रदेश सरकार ने धान खरीद कराने के वादे किए थे जो पूरा नहीं हुआ। केंद्र सरकार खाद की कीमत और कम करने का प्रयास कर रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493