कोल्हापुर (महाराष्ट्र), 8 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के शहीद जवान राजेंद्र नारायण तुपारे का पूरे सैन्य सम्मान के साथ मंगलवार सुबह उनके पैतृक गांव कार्वे में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
तुपारे रविवार को राजौरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा की गई भारी गोलीबारी के दौरान शहीद हो गए थे।
उनके अंतिम संस्कार में कार्वे और नजदीकी गांवों के हजारों लोग शरीक हुए। राजेंद्र तुपारे अमर रहे, भारत माता की जय के नारों के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
सांगली व कोल्हापुर जिले के प्रभारी मंत्री चंद्रकात पाटील और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी। सेना की विभिन्न इकाईयों की ओर से भी कई सैन्य अधिकारियों ने उन के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किए।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक ट्वीट के जरिए साहसी जवान को सलाम किया और कहा कि इस मुश्किल समय में सरकार उनके परिवार के साथ है। महाराष्ट्र सरकार ने शहीद के परिवार के लिए 15 लाख रुपये की मुआवजा राशि की घोषणा की है।
उनका पार्थिव शरीर सोमवार शाम को विमान से जम्मू से बेलगाम के पास स्थित सांबरा लाया गया था।
सांबरा से सड़क मार्ग से उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव लाया गया। पूरा गांव रविवार से ही शोक में डूबा है।
dharmpath.com dharmpath