लखनऊ /इटावा, 8 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट इटावा लायन सफारी में मंगलवार को शेरनी ग्रीष्मा ने लंबी बीमारी के बाद दम तोड़ दिया। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
ग्रीष्मा की पिछले दिनों तबीयत खराब हो गई थी। वह जुलाई से कैनाइन डिस्टेंपर नामक संक्रामक बीमारी से पीड़ित थी।
लायन सफारी के निदेशक डॉ. संजय श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12़.35 पर ग्रीष्मा नामक शेरनी ने दम तोड़ दिया। उसे बचाने की भरसक कोशिश नाकाम रही। ग्रीष्मा 3 जुलाई से कैनाइन डिस्टेम्पर नामक बीमारी से ग्रसित थी।
निदेशक के मुताबिक, सलाहकार डॉ़ भुवा के नेतृत्व में डॉ़ अरविंद त्रिपाठी, डा़ॅ गौरव श्रीवास्तव व अमित ओड़ शेरनी का इलाज कर रहे थे। इलाज में पूरी तत्परता बरती जा रही थी।
उन्होंने बताया कि ग्रीष्मा को ठीक करने के लिए होम्योपैथी, एलोपैथी व आयुर्वेदिक तीनों ही पद्धतियों से उपचार दिया जा रहा था, ताकि उसके इम्युन सिस्टम को ठीक किया जा सके, लेकिन उसकी सेहत दिन पर दिन गिरती जा रही थी। इधर कुछ दिनों से ग्रीष्मा ने खाना-पीना भी बंद कर दिया था।
शेरनी ग्रीष्मा के उपचार में सलाह देने के लिए इंडियन वेटनरी इंस्टीट्यूट बरेली (आईवीआरआई) की टीम भी पिछले दिनों आई थी, पर उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।
dharmpath.com dharmpath