जम्मू, 8 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को जम्मू एवं कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर युद्ध विराम का उल्लंघन जारी रखते हुए मोर्टार दागे और गोलाबारी की। सेना के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता ने आईएएनएस को बताया, “पाकिस्तान की सेना ने पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर और राजौरी के नौशेरा सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।”
मेहता ने कहा, “उन्होंने 120 मिलीमीटर के मोर्टारों और स्वचालित हथियारों से नियंत्रण रेखा पर पुंछ जिले के केजी सेक्टर को निशाना बनाया। पाकिस्तान की गोलाबारी दोपहर बाद 1.45 बजे शुरू हुई।”
मेहता ने कहा, “इलाके में हमारे जवान उसका मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। क्षेत्र में अभी गोलीबारी जारी है।”
इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को नौशेरा सेक्टर में भारी गोलीबारी शुरू की थी।
मेहता ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने सुबह 8.30 बजे नौशेरा सेक्टर में युद्धविराम का उल्लंघन किया। उन्होंने 82 मिलीमीटर के मोर्टार और स्वचालित हथियारों से भारत के लाम इलाके में गोलाबारी की।
dharmpath.com dharmpath