रणजी ट्रॉफी : असम ने हासिल की सत्र की पहली जीत

कोलकाता, 8 नवंबर (आईएएनएस)। अरूप दास की धारदार गेंदबाजी की बदौलत असम ने रणजी ट्रॉफी के पांचवें दौर के मैच के चौथे एवं अंतिम दिन मंगलवार को सौराष्ट्र को नौ विकेट से हराते हुए इस सत्र की पहली जीत दर्ज की है।

ईडन गरडस स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-बी के इस मैच में असम ने सौराष्ट्र की दूसरी पारी मात्र 81 रनों पर ध्वस्त कर दी और चौथी पारी में मिले 64 रनों के मामूली लक्ष्य एक विकेट खोकर 15.4 ओवरों में आसानी से हासिल कर लिया।

राहुल हजारिका (8) के 11 के स्कोर पर पवेलियन लौटने के बाद ऋषभ दास (नाबाद 30) और शिवशंकर रॉय (नाबाद 24) ने दूसरे विकेट के लिए नाबाद 55 रनों की साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई।

अरूप ने मैच में कुल 12 विकेट लिए। उन्होंने पहली पारी में सात और दूसरी पारी में पांच विकेट चटकाए और मैन ऑफ द मैच चुने गए।

मैच का पहला दिन खराब मौसम की भेंट चढ़ने के बाद सिर्फ तीन दिनों का खेल हो सका।

अरूप की धारदार गेंदबाजी के आगे सौराष्ट्र की पहली पारी 153 रनों पर ढेर हुई। सौराष्ट्र के लिए पहली पारी में जयदेव उनादकत (46) सर्वोच्च स्कोरर रहे।

असम भी कप्तान अरूण कार्तिक (57) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत पहली पारी में 171 रन ही बना सका।

सौराष्ट्र के लिए उनादकत ने गेंद से भी कमाल किया और असम के छह बल्लेबाजों को चलता किया।

पहली पारी के आधार पर सिर्फ 18 रन पीछे चल रही सौराष्ट्र हालांकि दूसरी पारी में भी अरूप के सामने घुटने टेक बैठी।

इस जीत के बाद असम को छह अंक मिले हैं और वह कुल सात अंकों के साथ नौ टीमों के ग्रुप-बी में छठे स्थान पर है। असम की इस सत्र में पांच मैचों में यह पहली जीत है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493