लखनऊ, 9 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह से ही हल्की धूप निकली हुई है। तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई है।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में हल्की धूप निकलेगी। दिन में धूप-छांव के बीच तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है। पूर्वाचल के कई जिलों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त बुधवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री, कानपुर का 20.1 डिग्री, इलाहाबाद का 22 डिग्री, झांसी का 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath