गुवाहाटी, 9 नवंबर (आईएएनएस)। राज्य लोक सेवा आयोग में नौकरी के बदले नोट घोटाले में कथित संलिप्तता के लिए असम पुलिस ने आयोग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को दी।
मामले की जांच कर रहे डिब्रूगढ़ जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एस.एस.पनेसर ने कहा कि समेदुर रहमान को मंगलवार रात गुवाहाटी में उनके घर से गिरफ्तार किया गया।
गत सप्ताह असम पुलिस ने असम लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष राकेश पॉल को इस मामले में उनकी कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया था। उन्हें यहां स्थानीय अदालत में पांच नवम्बर को पेश किया गया था और 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था।
पनेसर ने कहा, “अभी हम कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं। हमने उन्हें गिरफ्तार किया है और घोटाले को लेकर उनसे पूछताछ करने जा रहे हैं।”
पनेसर के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम एक मामले की जांच कर रही थी, जिसमें नगर और देश नियोजन विभाग के एक इंजीनियर को इस साल 27 अक्टूबर को 10 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया था।
इंजीनियर की स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस ने समेदुर रहमान के निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) मामुद अली चौधरी को दबोचा था। इंजीनियर और पीएसओ चौधरी से पूछताछ के बाद पॉल और रहमान की गिरफ्तारी हुई।
रहमान ने पहले अग्रिम जमानत के लिए गुवाहाटी उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी, जो खारिज कर दी गई थी।
विगत कई वर्षो से असम लोक सेवा आयोग (एपीएससी) में, खास तौर पर असम नागरिक सेवा और अन्य संबद्ध सेवा परीक्षाओं के दौरान अनियमिताओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ एक के बाद एक आन्दोलन हो रहे थे।
राकेश पॉल के खिलाफ ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति अपनी पत्नी, अपने भाई, अपने ड्राइवर अन्य संबंधियों के नाम से रखने के आरोप थे। गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने सीबीआई को आरोपों की जांच के आदेश दिए थे।
एक किसान अधिकार संगठन, कृषक मुक्ति संग्राम समिति की जनहित याचिका पर अदालत ने निर्देश दिए थे।
dharmpath.com dharmpath