नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। दुनिया के अग्रणी कम्प्यूटर स्किल सर्टिफिकेशन इंटरनेशनल कम्प्यूटर ड्राइविंग लाइसेंस (आइसीडीएल) फाउंडेशन ने 2017 में एक लाख लोगों को कौशल सर्टिफिकेट देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए उसने पीएचडी चैंबर के साथ हाथ मिलाया है।
इस सर्टिफिकेशन से डिजिटल मार्केटिंग के लिए उद्योग मानक का निर्माण करने उद्योग अंतर को भरने में मदद मिलेगी।
आइसीडीएल इंडिया के प्रबंध निदेशक सयेम महमूद ने इस लॉन्च के मौके पर कहा, “आइसीडीएल दुनिया के 150 देशों में प्रतिवर्ष करीब 25 लाख उम्मीदवारों को कौशल सर्टिफिकेट जारी करती है। भारत में अब इसकी शुरुआत हो रही है और इससे उम्मीदवारों को वैश्विक स्तर पर रोजगार की तलाश में मदद मिलेगी।”
सयेम ने कहा, “डिजिटल मार्केटिंग मॉड्यूल विक्रय, विपणन एवं संचार में भूमिकाओं के लिए कौशल मुहैया कराता है। यह उम्मीदवार के कौशल को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित एवं उद्योग मानक के लिए प्रमाणित करता है। अब भारत में हमने डिजिटल कौशल के स्तर को बेहतर बनाने का लक्ष्य तय किया है। इससे रोजगार को बढ़ावा देने और कौशल अंतर भरने में मदद मिलेगी।”
आइसीडीएल फाउंडेशन ने पीएचडी चैंबर के सहयोग से एक संगोष्ठी में अपने डिजिटल मार्केटिंग मॉड्यूल को लॉन्च करने की घोषणा की है। यह मॉड्यूल भारत में आवश्यक डिजिटल मार्केटिंग कौशल को प्रमाणित करेगा।
आइसीडीएल ने दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू में अपने प्रशिक्षण एवं परीक्षण केन्द्रों की भी घोषणा की है, जो विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय मानकों पर प्रमाणित करने के लिए आइसीडीएल डिजिटल मार्केटिंग मॉड्यूल प्रदान करेगा। इस सर्टिफिकेशन का उद्देश्य उद्यमियों, व्यावसायिक कार्यबल, विद्यार्थियों, सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र में काम कर रहे विपणन एवं संचार पेशेवरों सहित विभिन्न उम्मीदवारों को उद्योग-मानक डिजिटल मार्केटिंग प्रदान करना है।
dharmpath.com dharmpath