काबुल, 12 नवंबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तानी संसद के निचले सदन, वोलेसी जिरगा ने तीन मंत्रियों को इसलिए अयोग्य घोषित कर दिया, क्योंकि वे अपना विकास बजट खर्च नहीं कर पाए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, संसद अध्यक्ष अब्दुल रउफ इब्राहिमी ने शनिवार को यह घोषणा की। बर्खास्त मंत्रियों में विदेश मंत्री सलाहुद्दीन रब्बानी, श्रम एवं सामाजिक मामलों की मंत्री नसरीन ओरयाखेल और लोक निर्माण मंत्री महमूद बालिघ शामिल हैं।
249 सदस्यीय वोलेसी जिरगा के सांसदों ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि वे विकास बजट खर्च न करने वाले मंत्रियों को 12 नवंबर से तलब करेंगे और उन्हें धन खर्च न करने का संतोषजनक कारण बताने होंगे।
शनिवार को हुए मतदान में रब्बानी को बर्खास्त किए जाने के पक्ष में 140 वोट पड़े, जबकि खिलाफ में 58 वोट। इसी तरह बालिघ के खिलाफ 144 वोट पड़े और पक्ष में 56 वोट।
शनिवार की बैठक में उपस्थित सांसदों में से 144 ने चार महिला मंत्रियों में से एक ओरयाखेल के खिलाफ वोट दिया, और पक्ष में 56 ने वोट दिया।
अफगानिस्तान सरकार में 25 मंत्री हैं और इसी मुद्दे पर आने वाले दिनों में 13 अन्य मंत्रियों को भी तलब किया जा सकता है।
dharmpath.com dharmpath