एसवाईएल मुद्दे पर केजरीवाल पंजाब के साथ नहीं : अमरिंदर

चंडीगढ़, 13 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब और हरियाणा के बीच जारी सतलज-यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर विवाद पर आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह ने रविवार को कहा कि राज्य के नदी जल बंटवारे पर दिल्ली के मुख्यमंत्री पंजाब का समर्थन नहीं कर रहे हैं।

यहां एक बयान जारी कर अमरिंदर ने कहा, “सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आने के 72 घंटे बाद, इस मसले पर प्रतिक्रिया नहीं देने के लिए व्यापक आलोचानाओं के बावजूद एसवाईएल पर केजरीवाल ने चुप्पी साध रखी है। इसे दिल्ली मंे उनकी सरकार बचाने और गृह राज्य हरियाणा के लोगों को खुश रखने के लिए उनका हताशापूर्ण प्रयास माना जा सकता है।”

कांग्रेस नेता ने कहा कि गत सप्ताह शीर्ष अदालत के फैसला आने के बाद केजरीवाल ने पंजाब का अपना प्रस्तावित दौरा स्थगित कर दिया।

अमरिंदर ने कहा, “आम आदमी पार्टी नेता का व्यवहार समस्याओं से भागने की उनकी आदत के पूर्णत: अनुरूप है।”

अमरिंदर ने कहा, “एक व्यक्ति जो हर मुद्दे पर एक पक्ष लेना हमेशा पसंद करता है और मोदी सरकार की विमुद्रीकरण पहल पर प्रतिक्रिया देने में एक मिनट का समय भी नहीं गंवाता, एसवाईएल मुद्दे पर उसकी लगातार चुप्पी अकथनीय है।”

उन्होंने कहा कि पंजाब के हितों की चिंता किए बिना केजरीवाल इस राज्य के मुख्यमंत्री बनने की चाहत रखते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493