हैदराबाद, 14 नवंबर (आईएएनएस)। हैदराबाद साहित्य महोत्सव के सातवें संस्करण का आयोजन अगले साल 27-29 जनवरी को होगा, जिसमें फिलीपींस की संस्कृति और तमिल साहित्य का रंग नजर आएगा।
इसका आयोजन बेगमपेट के हैदराबाद पब्लिक स्कूल में होगा।
इस साल कार्यक्रम के लिए जहां भारतीय भाषा के तौर पर तमिल का चयन किया गया है, वहीं समृद्ध फिलिपीनी साहित्य, कला और संस्कृति भी महोत्सव की शान होंगे।
कार्यक्रम में इस साल फिलीपींस एक अतिथि देश है।
तमिलनाडु की संस्कृति का प्रदर्शन नृत्य, मार्शल आर्ट (सिलम्बम) के जरिये होगा। शास्त्रीय संगीत जगत की मशहूर हस्ती एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी पर भी एक कार्यक्रम होगा। कई दिग्गज तमिल लेखक व कलाकार कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
वहीं, फिलीपींस के अंतर्राष्ट्रीय साहित्य महोत्सव के निदेशक विम नादेरा के नेतृत्व में लेखकों, कलाकारों तथा शिक्षाविदों का 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पैनल चर्चा, कार्यशालाओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेगा।
dharmpath.com dharmpath