भारतीय गोलीबारी में 7 सैनिक मरे, शांति को खतरा : पाकिस्तान (लीड-1)

इस्लामाबाद, 14 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने सोमवार को कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सेना की गोलीबारी में उसके सात सैनिक मारे गए हैं। पाकिस्तान ने इस घटना को ‘शांति के लिए खतरा’ करार दिया है।

पाकिस्तान की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशन्स ने बताया, “भारतीय सेना द्वारा बीती रात (रविवार रात) नियंत्रण रेखा पर भीमबर सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन कर की गई गोलीबारी में सात सैनिक शहीद हो गए।”

बयान में कहा गया है कि पाकिस्तानी सेना ने भारत की ‘बिना उकसावे के की गई गोलाबारी’ का जवाब दिया और ‘भारतीय चौकियों पर प्रभावी तरीके से प्रहार’ किया।

प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने ‘बिना किसी उकसावे के’ की गई गोलाबारी की निंदा की। उन्होंने ‘भारत द्वारा हाल में कम अंतराल पर की जा रही अंधाधुंध गोलीबारी’ पर गहरी चिंता जताई।

अजीज ने भारतीय सेना पर जानबूझ कर गांवों और नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने ‘चिता जताई कि शांति और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाली भारतीय कार्रवाइयां गलत सामरिक आकलन (स्ट्रैटजिक मिसकल्कुलेशन) की वजह बन सकती हैं।’

पाकिस्तान ने बीते हफ्ते एक से अधिक बार भारत और संयुक्त राष्ट्र सैन्य पर्यवेक्षक के सामने ‘भारतीय सैनिकों द्वारा नागरिक आबादी को निशाना बनाने’ पर विरोध दर्ज कराया है।

पाकिस्तान का कहना है कि बीते कुछ हफ्तों में भारत की गोलाबारी में कम से कम 25 नागरिक मारे गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493