विमुद्रीकरण पर जेटली से मिले केरल के मुख्यमंत्री

तिरुवनंतपुरम/नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने राज्य के वित्त मंत्री थॉमस आईजैक के साथ सोमवार को केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली से नई दिल्ली में मुलाकात की और विमुद्रीकरण के कारण उपजी समस्याओं पर चर्चा की।

विजयन ने जेटली से मुलाकात के बाद दिल्ली में पत्रकारों से कहा, “हमने जेटली से मुलाकात की और अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने किसी तरह का आश्वासन नहीं दिया है, लेकिन कहा है कि वह समस्याओं के समाधान पर विचार करेंगे। हमने उनके सामने नए नोटों की आपूर्ति बढ़ाने जाने की मांग की और केरल में सहकारी बैंकों की जरूरत से अवगत कराया।”

विमुद्रीकरण की घोषणा के बाद लगातार छठे दिन सोमवार को भी बैंकों को एटीएम बूथों के बाहर लोगों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रहीं। हालांकि 10 लाख से अधिक सदस्यों वाले केरल के सबसे बड़े व्यापारिक मंडल ‘केरल व्यापारिक व्यावसायिक एकोपना समिति’ ने राज्य सरकार से आश्वासन मिलने के बाद बंद का आह्वान वापस ले लिया।

व्यापार मंडल ने 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोट अमान्य घोषित किए जाने से कारोबार में आई भारी गिरावट के चलते मंगलवार से अनिश्चितकालीन बंद का आह्वान किया था।

इस बीच नेता प्रतिपक्ष रमेश चेन्निथला की अध्यक्षता में तथा पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के कई अन्य नेताओं वाले प्रतिनिधिमंडल ने केरल की राजधानी में स्थित भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के क्षेत्रीय कार्यालय के अध्यक्ष से मुलाकात की और राज्य में आम जनता के समक्ष उपजे गंभीर संकट से उन्हें अवगत कराया।

चेन्निथला ने कहा, “हमने उनसे इस पर नजर रखने का आग्रह किया कि पर्यटन स्थलों और होटलों के बजाय मरीजों से अमान्य नोट स्वीकार किए जाएं और राज्य में सहकारी बैंकों की जरूरत पर आरबीआई से विचार करने के लिए कहा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493