नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के शहरी विकास एवं परिवहन मंत्री सी.पी. सिंह ने सोमवार को प्रगति मैदान में शुरू हुए 36वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड पवेलियन का शुभारंभ कि या और कहा कि झारखंड में सभी क्षेत्रों में संभावनाएं एवं अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। झारखंड मेक इन इंडिया मुहिम को सफल बनाने में लगातार कार्यरत है।
सिंह ने कहा कि इसके जरिए प्रदेश के बड़े उद्योगों के साथ ही लघु एवं कुटीर उद्योगों को भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलती है।
उल्लेखनीय है कि झारखंड व्यापर मेले में साझेदार प्रदेश है। झारखंड पवेलियन प्रगति मैदान के गेट नंबर चार के सामने बनाया गया है।
व्यापार मेले की तरह झारखंड की थीम भी डिजिटल इंडिया रखी गई है। पवेलियन के बीचो-बीच बने थीम हॉल में डिजिटल झारखंड के साथ इसकी पारंपरिक रीति और आस्था के प्रतीकों को शानदार ढंग से चित्रित किया गया है।
इस अवसर पर झारखंड के उद्योग निदेशक के. रवि कुमार ने कहा कि प्रगति मैदान में डिजिटल इंडिया के साथ ही झारखंड प्रदेश के मोमेंटम झारखंड को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत रांची में 16 और 17 फरवरी को ग्लोबल इंवेस्टर समिट आयोजित होने जा रहा है।
कुमार ने कहा, “इसमें देश-विदेश के प्रमुख निवेशकों को आमंत्रित किया जा रहा है। इससे झारखंड में उद्योगों को नई दिशा मिलेगी। साथ ही उसकी अर्थव्यवस्था में भी अधिक मजबूती आएगी।”
इस वर्ष पवेलियन में कुल 56 स्टॉल बनाए गए हैं। झारखंड दिवस 24 नवंबर को मनाया जाएगा। झारखंड पवेलियन में इस वर्ष सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, कृषि, पशु पालन, कोऑपरेटिव इंडस्ट्री, मिबेस, पर्यटन, युवा, कला एवं संस्कृति सूचना प्रौद्योगिकी, वन, झारक्राफ्ट, खादी बोर्ड, झुलका लैंप, जियादा, लघु उद्योग और सौर उद्योग विभाग भी प्रमुख भूमिका निभाएंगे।
dharmpath.com dharmpath