ब्यूनस आयर्स, 15 नवंबर (आईएएनएस)। ब्यूनस आयर्स से सान जुआन जाने वाले विमान में यात्रा कर रहे अर्जेटीना की राष्ट्रीय फुटबाल टीम के कई खिलाड़ी बीमार पड़ गए और उनमें स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी भी शामिल हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, अर्जेटीना के रेडियो चैनल ला रेड ने बताया कि तबियत खराब होने की जानकारी मिलने के बाद बार्सिलोना के फारवर्ड और अन्य खिलाड़ियों का इलाज किया गया।
अर्जेटीना टीम के कोच जॉर्ज मियाडोस्की ने कहा, “यह सच है कि विमान हवा में यात्रा के दौरान काफी अस्थिर था और कुछ खिलाड़ी बीमार पड़ गए। हालांकि, सान जुआन के लिए इस प्रकार की यात्रा के दौरान ऐसा होना सामान्य बात है।”
अधिकारियों ने कहा कि यात्रा के दौरान बीमार पड़े किसी भी खिलाड़ी के कोलंबिया के खिलाफ विश्व कप क्वालीफायर में होने वाले मुकाबले से बाहर होने की चिंता नहीं है।
वर्तमान में विश्व कप क्वालीफायर के दक्षिण अमेरिकी जोन सूची में अर्जेटीना की टीम 16 अंकों के साथ छठे स्थान पर है।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक ग्रुप में शीर्ष चार पर रहने वाली टीमों को रूस के विश्व कप टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। पांचवे स्थान पर रहने वाली टीमों को प्लेऑफ दौर से गुजरना होगा।
dharmpath.com dharmpath