टोक्यो, 15 नवंबर (आईएएनएस)। जापान ने मंगलवार को कहा कि वह उच्च शिक्षित विदेशी पेशेवरों को केवल एक साल के बाद ही स्थायी निवास के लिए आवेदन करने की अनुमति होगी।
मौजूदा नीतियों के तहत अत्यधिक कुशल विदेशी नागरिकों को देश में पांच साल बिताने के बाद ही स्थायी नागरिकता के लिए आवेदन देने की अनुमति थी।
समाचार एजेंसी एफे न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक यह नई योजना मार्च 2017 से लागू की जाएगी और इसका लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा विदेशी प्रतिभा को आकर्षित कर देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है। खासतौर पर वृद्ध होती आबादी और तंग श्रम बाजार को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
शैक्षणिक इतिहास, कार्य अनुभव और सालाना आय जैसे कारकों को देखते हुए जापानी आव्रजन ब्यूरो उम्मीदवार की उपयुक्तता के बारे में फैसला करेगा।
सरकार ने इसके अलावा उनको प्राथमिकता देने का फैसला किया है जिन्होंने जापान में बड़ा निवेश किया है और जिन्होंने प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से पढ़ाई की है।
जापान की आव्रजन नीति सख्त है और यहां की आबादी में जापान से बाहर पैदा हुए लोगों की संख्या महज 2 फीसदी है।
dharmpath.com dharmpath