विमुद्रीकरण के विरोधी मोदी को हटाना चाहते हैं : भाजपा

नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। विमुद्रीकरण के कदम के विरोधियों पर निशाना साधते हुए भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने मंगलवार को कहा कि मोदी जहां देश से भ्रष्टाचार और कालाधन हटाना चाहते हैं और वहीं विपक्षी पार्टियां उन्हें पद से हटाना चाहती हैं।

भाजपा सचिव श्रीकांत शर्मा ने एक संवाददाता सम्मेलन में यहां कहा,”हम उम्मीद करते हैं कि विपक्षी दल 500 और 1000 रुपये के नोटों के विमुद्रीकरण का समर्थन करेंगे, लेकिन वे भ्रष्टाचार और कालाधन के समर्थन में खड़े हैं। अब उनका नकाब उतर गया है।”

शर्मा ने कहा, “समस्याओं का सामना करने के बावजूद देश भर के लोगों ने विमुद्रीकरण का समर्थन किया है, फिर भी कुछ विपक्षी दल केंद्र को बदनाम करके और अफवाह फैलाकर इसे नाकाम करने की कोशिश कर रहे हैं। जो विकास विरोधी हैं और उन्होंने काला धन इकट्ठा कर रखा है, वे लोग उस प्रधानमंत्री को सत्ता से हटाना चाहते हैं जो इस व्यवस्था से भ्रष्टाचार और कालाधन को हटाना चाहते हैं।”

शर्मा ने यह भी कहा कि यह लड़ाई जनता की और जनता के लिए है।

आर्थिक संकट के दौर में कालाधन को अर्थव्यवस्था को बचाने वाला करार देने संबंधी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बयान पर बरसते हुए भाजपा नेता ने कहा कि चुनावी राज्य की सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी कालाधन के खिलाफ इस सर्जिकल कार्रवाई से घबरा गई है।

शर्मा ने कहा, “अखिलेश जी अपने साढ़े चार साल के शासन में आपने काला धन जमा किया। आपने अपने मंत्रिमंडल में उन्हें जगह दी जो काला धन का धंधा चलाते थे। आप मोदी और केंद्र सरकार की आलोचना इस तरह से कर रहे हैं जिससे लगता है कि काला धन के खिलाफ सर्जिकल हमला बिल्कुल सही निशाने पर हुआ है।”

भाजपा के मीडिया संयोजक शर्मा ने विमुद्रीकरण के सरकार के फैसले की आलोचना को लेकर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, वाम दलों और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा।

भाजपा नेता ने कहा, “जब कांग्रेस के शासन में आम आदमी पहले लूटा जा रहा था तो आप सभी ने उस सरकार का समर्थन किया। यहां तक कि आम आदमी पार्टी भी बाद में दिल्ली में कांग्रेस की मदद से सरकार बनाई। इस देश के लोग जानते हैं कि कालाधन के खिलाफ कौन लोग हैं और समर्थन में कौन हैं। वे अब बेनकाब हो गए हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493