नागपुर, 15 नवंबर (आईएएनएस)। रेलवे रणजी ट्रॉफी के छठे दौर में बड़ौदा के खिलाफ खेले जा रहे मैच में अपनी जीत से सिर्फ 23 रन दूर है जबकि उसके आठ विकेट बाकी हैं।
विदर्भ क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले जा रहे ग्रुप-ए के इस मैच में रेलवे ने बड़ौदा को उसकी दूसरी पारी में 239 रनों पर समेट दिया, जिसके बाद उसे महज 113 रनों का लक्ष्य मिला।
मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक रेलवे ने दो विकेट गंवाकर 90 रन बना लिए हैं। यहां से उसकी जीत पक्की लग रही है। स्टम्प्स तक शिवकांत शुक्ला 36 रनों पर नाबाद हैं।
मामूली से लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे को पहली पारी में शतक लगाने वाले सौरव वाकास्कर (45) और शिवकांत ने अच्छी शुरुआत दी।
दोनों ने पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़े। इसी स्कोर पर स्वप्निल सिंह ने सौरव को पवेलियन भेजा। आशीष सिंह (8) दिन की अंतिम गेंद पर आउट हुए। उन्हें भी स्वप्निल ने आउट किया।
इससे पहले अपने दूसरे दिन के स्कोर बिना कोई विकेट पर 27 रनों से आगे खेलने उतरी बड़ौदा की टीम अपने खाते में तीन रन ही जोड़ पाई थी कि आदित्य वाघमोड़े (16) को दीपक बंसल ने बोल्ड कर रेलवे को पहली सफलता दिलाई। 45 के स्कोर तक बड़ौदा ने अपने तीन विकेट गंवा दिए थे।
दीपक हु़ड्डा (98) ने हालांकि एक छोर संभाले रखा। कप्तान इरफान पठान (32) और पीनल शाह (32) ही उनका थोड़ा बहुत साथ दे सके। बाकि बल्लेबाज जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गए।
142 गेंदों में चार चौके एवं एक छक्के की मदद से अर्धशतकीय पारी खेलने वाले हुड्डा के रूप में बड़ौदा का आखिरी विकेट गिरा।
dharmpath.com dharmpath