विदिशा, 16 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में बजरंग दल के नेता दीपक कुशवाहा की हत्या के बाद रविवार को हिंसा भड़कने पर लगाए गए कर्फ्यू में बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम छह बजे के बीच ढील दी गई है। प्रशासन ने समाज के लोगों के साथ मिलकर शांति मार्च निकाला।
ज्ञात हो कि शनिवार की दोपहर को बक्सरिया क्षेत्र में बजरंग दल के नेता दीपक कुशवाहा की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद हिंसा भड़की और प्रशासन को हालात पर काबू पाने के लिए कोतवाली थाना क्षेत्र में कर्फ्यू लगाना पड़ा। हालात में कुछ सुधार होने पर प्रशासन ने कर्फ्यू में बुधवार सुबह साढे आठ बजे से शाम छह बजे तक ढील दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव सिंह ने आईएएनएस को बताया, “कर्फ्यू में साढ़े 10 घंटे की ढील दिए जाने के अलावा समाज के सभी वगरें के प्रतिनिधियों के साथ शांति मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, धीरे-धीरे विदिशा के हालात सामान्य हो रहे हैं।”
प्रशासन ने मंगलवार को कर्फ्यू में दो बार, सुबह और शाम को मिलाकर पांच घंटे की ढील दी थी और रात का कर्फ्यू जारी था। बुधवार को कर्फ्यू में साढ़े 10 घंटे की ढील दी गई है। लेकिन सुरक्षा बल तैनात हैं और गश्त की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath