नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के महेंद्र पार्क में 43 वर्षीय एक व्यक्ति ने बुधवार को घरेलू समस्या के कारण अपने दो बेटों की गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, घटना सुबह लगभग छह बजे की है। मुकेश नाम के व्यक्ति ने अपने दोनों बेटों आयुष (15) और आर्यन (8) की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मुकेश डेढ़ साल पहले अपनी पत्नी की मौत के बाद से ही तनाव में था।
पुलिस उपायुक्त विजय सिंह ने बताया, “वह (मुकेश) बेरोजगार था और महेंद्र पार्क के संजय नगर इलाके में स्थित अपने घर में दोनों बेटों के साथ रहता था।”
पुलिस ने कहा, “मुकेश ने एक महीने पहले ही अपने घर का काम करवाया था। उसे इस बात की चिंता थी कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की टीम, पड़ोसियों की शिकायत के बाद गुरुवार को उसके घर के एक हिस्से को तोड़ने पहुंचेगी।”
सिंह ने कहा कि पुलिस ने मुकेश को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।
dharmpath.com dharmpath