ओलिम्पिक पदक विजेता मारवा अमरी शुक्रवार को पहुंचेंगी दिल्ली

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। पिछले दिनों ओलिम्पिक में पदक जीतने वाली पहली अफ्रीकी महिला पहलवान होने का गौरव हासिल करने वाली ट्यूनीशिया की मारवा अमरी ने कहा है कि ओलिम्पिक में उनका पाला साक्षी मलिक से नहीं हो पाया और दोनों को ही कांस्य पदक हासिल हुए लेकिन वह प्रो रेसलिंग लीग में साक्षी को हराकर खुद को बेहतर पहलवान साबित करने की कोशिश करेंगी।

मारवा ने कहा कि उन्होंने साक्षी की कई कुश्तियों की वीडियो देखी हैं और वह उनके प्लस और नेगेटिव पॉइंट्स से भली भांति वाकिफ हैं। उन्होंने कहा कि उनके वीडियो देखकर उन्हें साक्षी की कुश्ती को बारीकी से देखने का मौका मिला है और इसके लिए उन्होंने अभी से तैयारी शुरू कर दी है।

वहीं साक्षी मलिक भी इन दिनों रोहतक में कड़े अभ्यास में जुट गई हैं। मारवा अमरी शुक्रवार को सुबह यहां पहुंच रही हैं। इसी दिन वह पीडब्ल्यूएल के कार्यक्रम के दौरान मीडिया से मुखातिब होंगी।

शनिवार को वह मुम्बई जाएंगी और रविवार को वह चरखी दादरी में गीता फोगट की शादी में बतौर मेहमान शामिल होंगी। मारवा ने कहा कि उन्होंने इसके लिए पूरी तैयारियां कर ली हैं।

वह अपने साथ शादी में पहनने वाली ड्रेस भी लाई हैं। यहां अपने मित्रों के साथ विचार विमर्श करके वह तय करेंगी कि उन्हें इस शादी में क्या पहनना है। वह याना रैटिगन के साथ इस शादी में शामिल हो रही हैं।

मारवा ने कहा कि उन्होंने भारत के बारे में बहुत कुछ सुन रखा है। उनके मन में इस देश के लिए बहुत आदर है और यहां की बहुत सी चीजें ट्यूनीशिया से मिलती जुलती हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493