उप्र : लखनऊ में ‘हुंकार’ भरेगी एबीवीपी

लखनऊ, 18 नवम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बदहाल होती शिक्षा व्यवस्था को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने अब बड़ा आंदोलन करने का मूड बनाया है। एबीवीपी ने कहा है कि उप्र के महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों में शिक्षा के स्तर में निरंतर गिरावट आ रही है। संगठन इसके खिलाफ 23 नवंबर को हुंकार रैली कर सरकार को अपनी ताकत का अहसास कराएगा।

हुंकार रैली में एक लाख छात्र-छात्राओं के पहुंचने का दावा किया जा रहा है।

एबीवीपी के उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के क्षेत्रीय संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ने लखनऊ प्रेस क्लब में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, “प्रदेश में शिक्षा की व्यवस्था बदहाल है। छात्रों में निराशा का भाव है। अभी तक शिक्षा का जो स्तर इस पर किसी दल ने काम नहीं किया, इसलिए राजनीतिक दलों को अपनी स्थित स्पष्ट करनी होगी।”

उन्होंने बताया, “लखनऊ के काल्विन तालुकेदार कॉलेज के मैदान में छात्र हुंकार रैली किसी राजनीतिक दल के समर्थन में नहीं है। परिषद हमेशा छात्र हितों के मुद्दों की लड़ाई लड़ती रही है। इस रैली के माध्यम से हम बड़े आंदोलन की शुरुआत कर रहे हैं। इस रैली के माध्यम से छात्र अपनी समस्याओं के बारे में बताएंगे।”

धर्मपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव कराये जाने चाहिए। स्नातक में 50 प्रतिशत व परास्नातक में 20 प्रतिशत सीटों की वृद्धि हो तथा सांध्यकालीन कक्षाएं शुरू की जानी चाहिए। शिक्षा सस्ती, सरल एवं गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। शिक्षा को रोजगारपरक बनाया जाना चाहिए।

संगठन मांगों को लेकर धर्मपाल ने कहा, “शिक्षण संस्थाओं में 180 दिन पढ़ाई कराई जाए। शैक्षिक सत्र नियमित हों। रिक्त पदों पर शिक्षकों की तत्काल तैनाती हो। इंटरमीडिएट स्तर तक छात्र-छात्राओं की शिक्षा नि:शुल्क हो। एससी, एसटी और ओबीसी की छात्रवृत्ति बढ़ाई जाए।”

उन्होंने कहा कि संगठन ने शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए समय-समय पर विधानसभा घेराव, प्राचार्यो के माध्यम से मांगपत्र भेजने, छात्र-छात्राओं द्वारा मुख्यमंत्री को हजारों की संख्या में पत्र लिखने बाद भी हालत में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है।

रैली के संयोजक सुनील वाष्र्णेय ने बताया कि हुंकार रैली में प्रदेशभर के एक लाख कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है। परिषद इस तरह का बड़ा आयोजन करीब 22 साल बाद कर रहा है।

उन्होंने बताया कि लोगों से संपर्क किया जा रहा है। पदयात्राएं निकाली जा रही हैं और बाइक रैली के जरिए छात्रों से आगे आने का आह्वान किया जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493