मुंबई, 19 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने विवादास्पद इस्लामिक प्रचारक जाकिर नाइक के मुंबई स्थित इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) से जुड़े ठिकानों पर शनिवार को छापेमारी की।
एनआईए ने भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियों (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आईआरएफ के खिलाफ एक दिन पहले ही मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद शनिवार सुबह छापेमारी शुरू की गई।
नाइक और आईआरएफ दुष्प्रचार, सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने और बढ़ावा देने, समुदायों के बीच द्वेष बढ़ाने तथा आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के संदेह में जांच के दायरे में हैं।
एनआईए की टीम ने मुंबई में आईआरएफ और उससे संबद्ध आठ से 10 स्थानों पर छापेमारी की। इसमें दक्षिण मुंबई में डोंगरी क्षेत्र स्थित आईआरएफ का मुख्यालय भी शामिल है।
एनआईए की टीम ने अक्टूबर के मध्य में मुंबई पुलिस से यह मामला अपने हाथ में ले लिया था। एनआईए ने शनिवार को दोपहर तक लगातार कई ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी गई है।
नाइक फिलहाल देश से बाहर हैं। वह पिछले कुछ महीनों से यहां नहीं हैं। वह अपने पिता अब्दुल के. नाइक की अंत्येष्टि में भाग लेने भी भारत नहीं पहुंचे, जिनका 30 अक्टूबर को निधन हो गया।
बांग्लादेश में हुए आतंकवादी हमले से जुड़े आतंकवादियों के नाइक के भाषण से प्रेरित होने की बातें सामने आने के बाद से ही आईआरएफ रडार पर है।
dharmpath.com dharmpath