नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में रविवार को आयोजित हुई एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन में भारतीय पुरुष एथलीटों में जी. लक्ष्मणन और महिला वर्ग में मोनिका अथारे ने खिताबी जीत हासिल की।
लक्ष्मणन ने दिल्ली हाफ मैराथन को एक घंटे चार मिनट और 37 सेकेंड में पूरा कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि एम. डी. यूनुस (1:04.38) को दूसरा और मान सिंह (1:04.40) को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
भारतीय महिला धाविकाओं में मोनिका अथारे (1:15.34) पहले स्थान पर रहीं, जबकि संजीवनी जाधव (1:15.35) दूसरे और स्वाती गधावे (1:17.43) तीसरे स्थान पर रहीं।
दिल्ली हाफ मैराथन जीतने के बाद मोनिका ने कहा, “मौसम काफी अच्छा था। मुझे दिल्ली हाफ मैराथन में दौड़ना काफी अच्छा लगता है और मैं हर साल इसके लिए प्रशिक्षण लेती हूं। हम भारतीय एथलीटों के लिए यह एक बड़ा मंच है।”
तीसरे स्थान पर रहीं स्वाती ने कहा कि यह उनकी पहली हाफ मैराथन रेस थी। इस मैराथन के लिए उनकी तैयारी पूरी नहीं थी और इस कारण उनके अंदर जीत के लिए आत्मविश्वास की भी कमी थी।
स्वाती ने कहा कि वह इस मैराथन को पूरा कर काफी खुश हैं और यह उनके लिए खास अनुभव है।
dharmpath.com dharmpath