एयरसेल चेन्नई ओपन में हिस्सा लेंगे सिलिक

चेन्नई, 20 नवंबर (आईएएनएस)। डेविस कप फाइनल में जल्द ही अर्जेटीनी टीम का सामना करने उतरने वाली क्रोएशियाई टीम का हिस्सा मारिन सिलिक भारत की मेजबानी में होने वाले एयरसेल चेन्नई ओपन के आगामी संस्करण में नजर आएंगे।

चेन्नई ओपन दक्षिण एशिया का इकलौता एटीपी वर्ल्ड टूर से मान्यता प्राप्त टूर्नामेंट हैं और भारत का सबसे प्रतिष्ठित टेनिस टूनार्मेट बन चुका है।

नुंगामबक्कम के एसडीएटी स्टेडियम में चेन्नई ओपन का 22वां संस्करण अगले वर्ष 2-8 जनवरी के बीच खेला जाएगा, जिसमें हिस्सा लेने पर सिलिक ने हामी भर दी है।

छठी विश्व वरीयता प्राप्त सिलिक ने कहा, “मैं आज यह बताते हुए बेहद खुश हूं कि मैं चेन्नई के जोशीले दर्शकों के सामने खेलने के लिए भारत वापस आ रहा हूं।”

सिलिक ने चेन्नई ओपन में पहली बार 2008 में हिस्सा लिया था और तब से ही वह लगातार इसमें हिस्सा लेते आ रहे हैं। सिलिक ने 2009 और 2010 में यहां खिताब भी जीत चुके हैं।

एयरसेल चेन्नई ओपन प्रतियोगिता के निदेशक टॉम एनियर ने कहा, “हमें गर्व है कि हम इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के साथ कई वर्षो से जुड़े हैं। हमने हमेशा यही कोशिश की है कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भारत आएं, जिससे भारतीय टेनिस को फायदा पहुंचे।”

इस साल सिलिक का प्रदर्शन धमाकेदार रहा है, उन्होंने पिछले कुछ महीनों में ही दो एटीपी प्रतिस्पर्धाओं में जीत हासिल की है। उन्होंने अगस्त में सिनसिनाटी मास्टर्स और अक्टूबर में स्विस इंडोर खिताब पर कब्जा किया।

तमिलनाडु टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष एम. ए. अलागप्पन का कहना है, “हमारे लिए सम्मान की बात है कि सिलिक एक बार फिर एयरसेल चेन्नई ओपन में हिस्सा लेने आ रहे हैं। वो शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और उनके आने से प्रतियोगिता का स्तर काफी ऊंचा हो जाएगा।”

प्रतियोगिता में सर्वोच्च रैंकिंग वाला खिलाड़ी होने पर सिलिक ने कहा, “यह एक अच्छा अहसास है, लेकिन इससे मुझपर दबाव भी ज्यादा होगा क्योंकि मुझे दर्शकों की उम्मीद के मुताबिक खेल दिखाना होगा। आशा करता हूं कि इस दबाव से मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी और मैं यहां से अगले साल के लिए शानदार शुरुआत करूंगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493