नोटबंदी के खिलाफ संसद का घेराव करेगी आप

नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार द्वारा की गई नोटबंदी के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) मंगलवार को संसद का घेराव करेगी। आप ने आरोप लगाया है कि सरकार ने यह कदम काले धन को निकालने के लिए नहीं, बल्कि कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए उठाया है।

आप नेता आशीष खेतान व दिलीप पांडे ने यहां संवाददाताओं से कहा, “उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के नेतृत्व में हम संसद तक मार्च निकालेंगे और उसका घेराव करेंगे।”

आप ने यह भी कहा कि जिन राज्यों में वह विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है, वहां नोटबंदी उसका मुख्य चुनावी मुद्दा होगी।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नोटबंदी के मुद्दे पर एक दिसंबर से उत्तर प्रदेश के मेरठ, लखनऊ व वाराणसी में तीन सार्वजनिक रैलियों को संबोधित करेंगे।

खेतान ने कहा, “यह आठ लाख करोड़ का घोटाला है। यह कदम काले धन को बाहर निकालने के लिए नहीं, बल्कि कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए उठाया गया है।” उन्होंने कहा कि केजरीवाल इस मुद्दे पर पहले ही काफी कुछ कह चुके हैं।

खेतान ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व उप गवर्नर के.सी.चक्रवर्ती के हवाले से कहा कि इससे पहले आरबीआई नोटबंदी के प्रस्ताव को खारिज कर चुका था। आरबीआई का तर्क था कि काला धन मूलत: विदेशी बैंकों में जमा है और जमीन, सोना व संपत्ति के रूप में निवेश किया गया है न कि नकदी में।

केंद्र सरकार ने आठ नवंबर को 500 रुपये तथा 1,000 रुपये के पुराने नोटों को बंद कर दिया, जिससे देश में नकदी को लेकर अफरातफरी मची है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493