भोपाल, 21 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार सुबह हुए रेल हादसे में मारे गए 143 यात्रियों में से 28 मध्य प्रदेश के हैं। इनमें से 27 मृतकों की शिनाख्त भी हो गई है। वहीं घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
आधिकारिक तौर पर सोमवार को दी गई जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार बने राज्य के 28 रेल यात्रियों में से 27 की शिनाख्त का कार्य पूरा होने के बाद उनके पार्थिव शरीर उनके घर रवाना कर दिए गए हैं।
राज्य सरकार की तरफ से कानपुर भेजे गए दल के सदस्य दतिया के जिलाधिकारी मदन कुमार ने बताया, “रेल हादसे में मारे गए कुल 143 यात्रियों में से 114 की शिनाख्त की जा चुकी है। मध्य प्रदेश के एक यात्री की शिनाख्त अभी नहीं हुई है।”
जारी जानकारी के अनुसार, जनसंपर्क तथा संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को कानपुर में रेल दुर्घटना में घायल यात्रियों का हाल-चाल जाना। राज्य के लगभग 100 अधिकारी व कर्मचारी दुर्घटना स्थल और विभिन्न अस्पतालों में आवश्यक राहत कार्यो में सहयोग कर रहे हैं।
ज्ञात हो कि रविवार को हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उसी दिन कानपुर पहुंचकर राहत कार्यो का अवलोकन किया था। कानपुर में राज्य के 20 चिकित्सकों की टीम, राजस्व और पुलिसकर्मी भी मौजूद हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, छतरपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंद्रमोहन ठाकुर को हैलट अस्पताल में भर्ती इंदौर-पटना राजेंद्रनगर एक्सप्रेस के घायल यात्रियों की देखभाल के लिए निर्देशित किया गया है। इस अस्पताल में दाखिल प्रदेश के गंभीर घायलों की संख्या 26 है।
dharmpath.com dharmpath