भोपाल, 22 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के नेपानगर विधानसभा सीट के लिए हुए उप-चुनाव में भाजपा उम्मीदवार मंजू दादू ने कांग्रेस उम्मीदवार अंतर सिंह पर 42,198 मतों से जीत दर्ज की है, वहीं शहडोल संसदीय क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार ज्ञान सिंह ने लगभग 57 हजार वोटों की बढ़त बना ली है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, बुरहानपुर जिले की नेपानगर विधानसभा सीट की मतगणना पूरी हो गई है। यहां भाजपा उम्मीदवार मंजू दादू ने कांग्रेस उम्मीदवार अंतर सिंह पर 42,198 मतों से जीत हासिल की है।
मंजू दादू की जीत पर राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर मतदाताओं का आभार माना है। वहीं राज्य के भाजपा प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्घे ने इस जीत के लिए मुख्यमंत्री चौहान को बधाई दी है।
दूसरी ओर, शहडोल संसदीय क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार ज्ञान सिंह कांग्रेस उम्मीदवार हिमांद्री सिंह पर 57 हजार से ज्यादा मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के मुताबिक, शहडोल संसदीय क्षेत्र की मतगणना चार जिला मुख्यालयों और नेपानगर की मतगणना बुरहानपुर जिला मुख्यालय पर हो रही है। शहडोल संसदीय क्षेत्र में कुल 17 उम्मीदवार हैं।
इन दोनों सीटों के लिए 19 नवंबर को मतदान हुआ था। शहडोल संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में 66 प्रतिशत और नेपानगर विधानसभा सीट के लिए लगभग 73 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे।
dharmpath.com dharmpath