कोलकाता, 22 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने तमलुक लोकसभा सीट और मोंटेश्वर विधानसभा सीट पर हुए उप चुनाव में भारी मतों से जीत हासिल की है।
अधिकारियों ने बताया कि तृणमूल ने कूचबिहार लोकसभा सीट पर भारी बढ़त बना ली है और वह जबरदस्त जीत की ओर बढ़ रही है।
भाजपा कूचबिहार में चौंकाते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गई है जबकि अन्य दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में भी उसके मत बढ़े हैं।
तमलुक लोकसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के दिब्येंदु अधिकारी ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी माकपा की मंदिरा पांडा को 4.97 लाख मतों के भारी अंतर से हराया।
पांडा को 2.82 लाख वोट मिले जबकि भाजपा के अंबुज मोहंती को 1.96 लाख वोट मिले।
तृणमूल ने बर्दवान जिले में मोटेंश्वर विधानसभा सीट पर भारी जीत दर्ज की। इसके उम्मीदवार सैकत पांजा ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद उस्मान गनी को 1.27 लाख से अधिक वोटों से हराया।
माकपा के उम्मीदवार दूसरे जबकि भाजपा के उम्मीदवार विश्वजीत पोद्दार तीसरे स्थान पर रहे हैं।
तृणमूल के उम्मीदवार पार्थ प्रतिम रॉय ने कूचबिहार में 13 दौर की मतगणना के बाद लगभग 3.34 लाख वोटों की बढ़त बनाई हुई है।
भाजपा के हेमचंद्र बर्मन दूसरे स्थान पर हैं जबकि वाम मोर्चा के साझेदार ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के नरीपेंद्रनाथ रॉय तीसरे स्थान पर चल रहे हैं।
कूचबिहार संसदीय सीट तृणमूल की रेणुका सिन्हा के निधन के बाद खाली हो गई थी, जबकि तमलुक से सांसद सुवेंदू अधिकारी के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मंत्रिमंडल में शामिल होने से यह सीट रिक्त हो गई थी।
तृणमूल के विधायक सजल पांजा के निधन के बाद मोंटेश्वर विधानसभा सीट पर उप चुनाव हुआ।
dharmpath.com dharmpath