मप्र : शहडोल, नेपानगर में भाजपा का कब्जा बरकरार (लीड-4)

भोपाल, 22 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के शहडोल लोकसभा सीट और नेपानगर विधानसभा सीट पर हुए उप-चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। शहडोल लोकसभा सीट से ज्ञान सिंह और नेपानगर विधानसभा सीट से मंजू दादू ने जीत दर्ज की है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के मुताबिक, मंगलवार को हुई मतगणना में शहडोल संसदीय क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार ज्ञान सिंह ने कांग्रेस उम्मीदवार हिमांद्री सिंह को 60,383 मतों से शिकस्त दी है। इसी तरह नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार मंजू दादू ने कांग्रेस उम्मीदवार अंतर सिंह पर 42,198 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहडोल व नेपानगर में भाजपा उम्मीदवारों की जीत पर मतदाताओं के प्रति आभार जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, “यह सहयोगियों और कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम और उनके धैर्य का प्रतिफल है।” राज्य के भाजपा प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्घे ने इस जीत के लिए मुख्यमंत्री चौहान को बधाई दी है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के मुताबिक, शहडोल संसदीय क्षेत्र की मतगणना चार जिला मुख्यालयों और नेपानगर की मतगणना बुरहानपुर जिला मुख्यालय में हुई। शहडोल संसदीय क्षेत्र में कुल 17 उम्मीदवार और नेपानगर में चार उम्मीदवार मैदान में थे।

मतगणना सुबह आठ बजे भारी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच शुरू हुई और हर चक्र के बाद भाजपा उम्मीदवारों की बढ़त बढ़ती गई। अंत में दोनों स्थानों पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। दोनों सीटें भाजपा प्रतिनिधियों के निधन के कारण रिक्त हुई थी, और इसी कारण यहां उप-चुनाव हुए हैं।

दोनों सीटों के लिए 19 नवंबर को मतदान हुआ था। शहडोल संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में 66 प्रतिशत और नेपानगर विधानसभा में लगभग 73 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493