दुबई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। श्रीलंका के तेज गेंदबाद सुरंगा लकमाल पर खेलभावना के विपरीत बर्ताव करने के लिए मैच शुल्क का 50 फीसदी जुर्माना लगाया गया है।
लकमाल को जिम्बाब्वे के खिलाफ बुलावायो में हुए एकदिवसीय मैच के दौरान आईसीसी की आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया।
जुर्माने के साथ-साथ लकमाल के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में दो डिमेरिट अंक भी जुड़ गए।
मैच के दूसरे ओवर के दौरान शॉट खेलकर अपनी जगह खड़े रहे जिम्बाब्वे के सलामी बल्लेबाज चामु चिभाभा की ओर लकमाल ने खतरनाक तरीके से गेंद फेंकी थी, जबकि चिभाभा रन लेने के लिए दौड़े भी नहीं थे।
लकमाल ने अपना अपराध कबूल कर लिया और मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ द्वारा लगाए गए जुर्माने को भी स्वीकार कर लिया।
आईसीसी के नियम के मुताबिक यदि लकमाल के 24 महीने के भीतर चार या उससे अधिक डिमेरिट अंक हो गए तो वह सस्पेंशन अंक में बदल जाएंगे, परिणामस्वरूप उन्हें एक मैच का प्रतिबंध झेलना पड़ सकता है।
दो सस्पेंशन अंक होने पर एक टेस्ट मैच से या दो अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय मैच से या दो अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैच से प्रतिबंधित किया जा सकता है।
dharmpath.com dharmpath