हरिद्वार, 22 नवंबर (आईएएनएस)। इलिट महिला मुक्केबाजी राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के चौथे दिन मंगलवार को मणिपुर की सरजूबाला और तेलंगाना की निखत जरीन ने क्वार्टर फाइनल में अपने-अपने मुकाबले जीतते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
हरिद्वार, 22 नवंबर (आईएएनएस)। इलिट महिला मुक्केबाजी राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के चौथे दिन मंगलवार को मणिपुर की सरजूबाला और तेलंगाना की निखत जरीन ने क्वार्टर फाइनल में अपने-अपने मुकाबले जीतते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
विश्व चैम्पियनशिप में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली हरियाणा की कविता चहल ने भी 82 किलोग्राम भारवर्ग में मणिपुर की संगीता को तकनीकी आधार पर मात देते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।
82 किलोग्राम भारवर्ग में ही एशियन चैम्पियनशिप में भारत को कांस्य दिलाने वाली रेलवे की सीमा पुनिया ने ऑल इंडिया पुलिस की वर्षा को 5-0 से मात देते हुए सेमीफाइनल का सफर तय किया।
विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाली सरजूबाला ने 48 किलोग्राम भारवर्ग में कड़े मुकबाले में दिल्ली की पूजा टोकास को हराया। सरजू की शुरुआत खराब रही। उनकी विपक्षी ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामकता दिखाई जिससे सरजू रक्षात्मक रुख अख्तियार करना पड़ा। लेकिन संयम से काम लेते हुए सरजू ने अपनी रणनीति में बदलाव किया और जबरदस्त वापसी करते हुए 2-1 से जीत दर्ज की। यह मुकबला इतना मुश्किल रहा की परिणाम घोषित करने के लिए निर्णायकों ने काफी समय लिया।
मैच के बाद सरजू ने आईएएनएस से कहा, “पहले दो राउंड मेरे अच्छे नहीं रहे। लेकिन मैंने धैर्य रखा और अपनी विपक्षी को भांपा, जिससे मैं वापसी करने में कामयाब रही।”
जूनियर विश्व कप खिताब जीतने वाली निखत ने 51 किलोग्राम भारवर्ग में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में असम की मंजू बासुमात्री को आसान मुकाबले में 3-0 से मात दी।
64 किलोग्राम भारवर्ग में एशियन चैम्पियनशिप-2011 में रजत पदक अपने नाम करने वाली रेलवे की पवित्रा को हालांकि उलटफेर का सामना करना पड़ा। उन्हें पंजाब की सिमरनजीत कौर ने 2-1 से मात दी।
छोटू लोरा को बाहर करने वाली मणिपुर की संध्यारानी सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकीं। उन्हें उत्तर प्रदेश की सोनिया ने मात दी। वहीं हरियाणा की सवीती ने 81 किलोग्राम भारवर्ग में उत्तराखंड की बबिता बासेरा को तकनीकी आधार पर नॉकआउट करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
इसी साल अंतर्राष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ की महिला विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक हासिल करने वाली रेलवे की सोनिया लाथेर को बाहर करने वाली उत्तराखंड की कमला बिष्ट ने 57 किलोग्राम भारवर्ग में हिमाचल प्रदेश की किरण वर्मा को 5-0 से मात देते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।
मंगलवार को जीत हासिल करने वाली अन्य खिलाड़ियों में उत्तराखंड की कृष्णा थापा, हरियाणा की मोनिका, रेलवे की राजेश नरवाल, रेलवे की मीनाक्षी, उत्तराखंड की पूनम बिष्ट, हरियाणा की निरजा, महाराष्ट्र की चंदा, हरियाणा की शिक्षा, केरल की एम. मीना कुमारी, हरियाणा की सोनिया, उत्तर प्रदेश की शैली सिंह, ऑल इंडिया पुलिस की सुनिता, हरियाणा की मोनिका, महाराष्ट्र की भाग्यश्री, ऑल इंडिया की प्रीति, रेलवे की प्रियंका चौधरी, दिल्ली की आकांक्षा मिश्रा, हरियाणा की ज्योति, ऑल इंडिया पुलिस की सुमन, हरियाणा की पूजा, रेलवे की सुमन, हिमाचल प्रदेश की शशीकला और झारखंड की सारिका कुमारी, ऑल इंडिया पुलिस की कविता, रेलवे की मीना रानी, अरुणाचल प्रदेश की रुमी गोगोई, हरियाणा की बंटी, ऑल इंडिया पुलिस की निर्मला, तेलंगाना की प्रिया माधुरी, रेलवे की भाग्यवती, पंजाब की अमनदीप कौर और दमन-दीव की दीक्षा शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath