इस्लामाबाद, 22 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने मंगलवार को संघर्षविराम के उल्लंघन को लेकर भारतीय उप उच्चायुक्त जे.पी. सिंह को तलब किया। इसके साथ ही एक भारतीय पनडुब्बी के कथित रूप से पाकिस्तानी समुद्री क्षेत्र के उल्लंघन का भी उल्लेख किया।
एक सरकारी बयान में कहा गया है कि महानिदेशक (दक्षिण एशिया एवं दक्षेस) मोहम्मद फैसल ने भारतीय उप उच्चायुक्त को तलब किया और ’21 नवंबर के बगैर उकसावे के संघर्ष विराम के उल्लंघन की सख्ती के साथ निंदा की।’ इसमें चार नागरिकों की मौत हो गई थी और 10 अन्य घायल हो गए थे।
बयान में कहा गया है कि महानिदेशक ने पाकिस्तान के समुद्री विशेष आर्थिक जोन के भारतीय नौसेना की पनडुब्बी द्वारा गत 14 नवंबर को कथित रूप से किए गए उल्लंघन की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह समुद्री सीमा कानून से जुड़े संयुक्त राष्ट्र समझौते का उल्लंघन है।
भारतीय नौसेना ने इनकार किया है कि पनडुब्बी पाकिस्तानी जल क्षेत्र में थी और इस आरोप को सरासर झूठ करार देकर खारिज किया है।
dharmpath.com dharmpath